Top 5 This Week

Related Posts

ऑक्सफोर्ड के पिट रिवर्स म्यूजियम ने लौटाए नागा समुदाय के 39 पूर्वजों के अवशेष, 100 साल बाद होगी घर वापसी

नई दिल्ली। ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के पिट रिवर्स म्यूजियम ने नागालैंड के नागा समुदाय के 39 पूर्वजों के मानव अवशेष वापस कर दिए हैं। ये अवशेष एक सदी से अधिक समय से ब्रिटेन के संग्रहालय में रखे हुए थे। 9 नवंबर को आयोजित एक ऐतिहासिक समारोह में इन्हें नागा समुदाय के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। इस फैसले को औपनिवेशिक दौर में हुई ऐतिहासिक क्षति को स्वीकार करने और समुदाय की सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

2020 में शुरू हुई थी वापसी की प्रक्रिया

नागा पूर्वजों के अवशेष वापस लाने की पहल वर्ष 2020 में शुरू हुई थी। इसके लिए फोरम फॉर नागा रिकंसिलिएशन (एफएनआर) और नागा समुदाय के विभिन्न संगठनों ने संग्रहालय के साथ बातचीत की। लंबी चर्चा और शोध के बाद ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की परिषद ने 13 जुलाई 2026 को 39 अवशेष लौटाने की मंजूरी दी थी।

औपनिवेशिक शासन के दौरान ले जाए गए थे अवशेष

संग्रहालय के अनुसार, ये अवशेष 20वीं सदी की शुरुआत में ब्रिटिश औपनिवेशिक अधिकारियों द्वारा नागालैंड से लाए गए थे। इनमें मुख्य रूप से खोपड़ियों के साथ शरीर की अन्य हड्डियों के हिस्से भी शामिल हैं। इनमें से कुछ अवशेष लंबे समय तक संग्रहालय में प्रदर्शित भी किए गए थे। वर्ष 2020 में संग्रहालय ने सभी मानव अवशेषों को प्रदर्शन से हटा दिया था।

कोहिमा में किया जाएगा अंतिम संस्कार

हस्तांतरण समारोह में नागालैंड के करीब 30 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद अवशेषों को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इन्हें दिल्ली के रास्ते नागालैंड के दीमापुर पहुंचाया जाएगा। बाद में कोहिमा स्थित नागा सॉलिडेरिटी पार्क में एक संयुक्त स्मारक के नीचे सम्मानपूर्वक दफनाने की योजना है।

नागा समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूर्वजों की वापसी केवल अवशेषों की वापसी नहीं, बल्कि उनके इतिहास, सम्मान और पहचान की पुनर्स्थापना है। इस पहल को समुदाय में एकता, शांति और आपसी मेल-मिलाप को मजबूत करने वाला कदम बताया गया है।

Popular Articles