गुवाहाटी। असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने से ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है। इसमें लोको पायलट ट्रेन के इमरजेंसी ब्रेक सिस्टम के काम नहीं करने की बात कहता सुनाई दे रहा है। वीडियो में पायलट को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि सिग्नल लाल है, लेकिन इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बावजूद सिस्टम काम नहीं कर रहा। इसके कुछ सेकेंड बाद ही ट्रेन बैरिकेड्स से टकरा जाती है और इंजन समेत छह डिब्बे पटरी से उतर जाते हैं।
लाल सिग्नल के बावजूद नहीं रुक रही थी ट्रेन
करीब 45 सेकेंड के इस वीडियो में लोको पायलट को इंजन के अंदर लगे विभिन्न स्विच और कंट्रोल सिस्टम संचालित करते देखा जा सकता है। इस दौरान वह कहता सुनाई देता है कि ब्रेक पाइप का दबाव कम नहीं हो रहा है। वह बार-बार इमरजेंसी ब्रेक के काम नहीं करने की बात भी कहता है। कुछ ही क्षण बाद तेज झटका लगता है और ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो जाती है।
सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा
यह हादसा बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में दिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुआ। मिजोरम जा रही कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के अनुसार, ट्रेन को स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे हादसा हो गया।
राहत और बहाली का काम शुरू
हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने तथा रेल यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई।
हादसे के कारण क्षेत्र की कुछ अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। हालांकि, सामने आए वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।





