नई दिल्ली। मणिपुर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति को मजबूत बनाने और संगठन को सक्रिय करने के लिए पांच महत्वपूर्ण समितियों का गठन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन समितियों के गठन और प्रदेश कांग्रेस इकाई में नए पदाधिकारियों की नियुक्तियों को मंजूरी दी है।
कांग्रेस की ओर से गठित 24 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की कमान पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ओ. इबोबी सिंह को सौंपी गई है। इस समिति में सांसद अल्फ्रेड कन्नगम आर्थर और डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम सहित कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
वहीं, 26 सदस्यीय प्रचार समिति का अध्यक्ष थ. लोकेश्वर सिंह को बनाया गया है। घोषणा पत्र समिति की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता गैखंगम को दी गई है। इसमें सांसद अल्फ्रेड कन्नगम आर्थर और बिमोल अकोइजाम को सह-अध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा 16 सदस्यीय मीडिया एवं प्रचार समिति का अध्यक्ष एन. लोकेन सिंह को नियुक्त किया गया है, जबकि चुनाव प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी एम. ओकेन्द्रो को सौंपी गई है।
तीन समितियों में सांसद बिमोल अकोइजाम को जगह
कांग्रेस सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर डॉ. बिमोल अकोइजाम को तीन महत्वपूर्ण समितियों में शामिल किया गया है। उन पर जेएनयू की 11 छात्राओं की ओर से यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया था, हालांकि दो नवंबर को दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी बर्खास्तगी के आदेश पर रोक लगा दी थी। मामले की जांच जारी है।
प्रदेश संगठन में भी नई नियुक्तियां
कांग्रेस ने मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में तीन अतिरिक्त महासचिव और एक सचिव की नियुक्ति भी की है। पार्टी का उद्देश्य चुनाव से पहले संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और प्रचार, घोषणा पत्र तथा चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करना है।
गौरतलब है कि मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त होने वाला है। ऐसे में कांग्रेस ने आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं।





