श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को निशाना बनाकर हमला किया। मोटरसाइकिल सवार दो आतंकियों ने सुरक्षा बलों की नाका पार्टी पर अचानक गोलीबारी कर दी। इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
दोपहर 2:15 बजे किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना कुलगाम जिले के आखरन-नौपुरा इलाके में मीर बाजार के पास हुई। यहां CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों ने नाका लगाया हुआ था। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावर वहां पहुंचे और जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाने लगे। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।
तीन जवान अस्पताल में भर्ती
हमले में घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर, कांस्टेबल शांतुनु और कांस्टेबल राकेश दास के रूप में हुई है। एक जवान के पैर, दूसरे के बाजू और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। सभी घायलों को उपचार के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आतंकियों की तलाश में तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए। सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षाबल फरार हमलावरों की तलाश में जुटे हैं।





