देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी रूट पर ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पुलिसकर्मियों को तीन घंटे पहले पहुंचना होगा
बुधवार को पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से तीन घंटे पहले पहुंचेंगे और अपने प्रभारी अधिकारी से आवश्यक जानकारी लेंगे। ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड रखना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति कोई भी पुलिसकर्मी अपना ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेगा और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करेगा।
ऊंची इमारतों की होगी जांच
वीवीआईपी रूट पर पड़ने वाली ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों का सत्यापन कराया जा रहा है। पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और ऊंची इमारतों की बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड से जांच की जाएगी। होटल, धर्मशालाओं, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर सख्त प्रवेश व्यवस्था
परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन में केवल अधिकृत व्यक्तियों तथा वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों से जांच की जाएगी। वीवीआईपी से मिलने आने वाले लोगों का भी सत्यापन होगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ को नियंत्रित तरीके से बाहर निकालने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
यातायात में भी रहेगा बदलाव
अमित शाह के कार्यक्रम के दौरान 6 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक परेड ग्राउंड के आसपास यातायात डायवर्ट रहेगा। कई मार्गों को जीरो जोन बनाया जाएगा। नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने पर चालान और टोइंग की कार्रवाई की जाएगी।
गृह मंत्री अमित शाह अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे। इसके अलावा वह भाजपा की प्रस्तावित पदयात्रा में भी शामिल होंगे।





