Top 5 This Week

Related Posts

नगर निगम के पीछे गोदाम में भड़की भीषण आग, धुएं के गुबार से मची अफरा-तफरी

तड़के कार एक्सेसरीज़ के गोदाम में लगी आग; तीन फायर यूनिटों ने संभाला मोर्चा, अंदर फंसा कुत्ता भी सुरक्षित निकाला

हल्द्वानी। शहर अभी नींद के आगोश में था कि बुधवार तड़के नगर निगम के पीछे अचानक उठे काले धुएं के गुबार ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। कार एक्सेसरीज़ के गोदाम में लगी आग देखते ही देखते विकराल हो गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर दौड़ी और आग की भयावहता को देखते हुए तीन फायर यूनिटों को मोर्चे पर उतार दिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार के अनुसार, बुधवार की तड़के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। गोदाम के भीतर घना काला धुआं भरा होने से आग के केंद्र तक पहुंचना चुनौती बन गया। ऐसे में टीम ने पहले स्मोक एग्जॉस्ट के जरिए धुआं बाहर निकाला, इसके बाद अंदर प्रवेश कर आग बुझाने का अभियान तेज किया।

धुएं के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन

आग बुझाने के दौरान अग्निशमन कर्मियों को गोदाम के भीतर एक कुत्ता फंसा मिला। धुएं और आग के बीच टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद जवानों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर लगातार पानी की बौछार की और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी, फायर स्टेशन ऑफिसर और फायर स्टेशन सेकेंड ऑफिसर की मौजूदगी में अभियान चलाया गया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।

आग किस वजह से लगी और गोदाम में कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन संबंधित स्तर पर किया जा रहा है। फिलहाल अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया।

Popular Articles