ऋषिकेश। मुनि की रेती क्षेत्र में बुधवार को गंगा की लहरों पर रिवर राफ्टिंग के नए सीजन का विधिवत शुभारंभ हो गया। गंगा घाट पर गंगा पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ राफ्टिंग व्यवसायियों, रिवर गाइड्स और पर्यटन से जुड़े लोगों ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान पर्यटकों की सुरक्षा और पूरे सीजन के निर्विघ्न संचालन की कामना की गई।
सुबह से ही गंगा घाटों पर राफ्टिंग कारोबार से जुड़े लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। विधि-विधान से पूजा के बाद राफ्टिंग व्यवसायियों ने सुरक्षित संचालन और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का संकल्प लिया।
राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धमेंद्र नेगी ने बताया कि साहसिक पर्यटन के प्रति पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। राफ्टिंग के चलते मुनि की रेती और आसपास का क्षेत्र देश-विदेश में व्हाइट वाटर राफ्टिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है। नए सीजन में होटल, रिसॉर्ट, कैंप और राफ्टिंग यूनिटों में बुकिंग बढ़ने की उम्मीद है।
स्थानीय कारोबार और रोजगार को मिलेगी रफ्तार
राफ्टिंग सीजन शुरू होने से इससे जुड़े होटल, कैंप, रेस्टोरेंट, परिवहन और अन्य पर्यटन व्यवसायों को भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में स्थानीय युवा रिवर गाइड, लाइफ गार्ड, ट्रांसपोर्टर, कैंप संचालक और होटल-रेस्टोरेंट कर्मी के रूप में इस क्षेत्र से जुड़े हैं।
पर्यटन अधिकारी नरेंद्रनगर सोबत सिंह राणा ने राफ्टिंग के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए लाइफ जैकेट और हेलमेट पहनना अनिवार्य है। साथ ही निर्धारित राफ्टिंग स्ट्रेच और समय-सारणी का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।
नए सीजन की शुरुआत के साथ राफ्टिंग कारोबार से जुड़े लोगों में उत्साह है और उन्हें आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।




