नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल से ताल्लुक रखने वाले युवा बल्लेबाज और भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे यूथ वनडे में शानदार शतकीय पारी खेलकर भारत को छह विकेट से जीत दिलाई। लक्ष्य की नाबाद 110 रन की पारी की बदौलत भारत ने तीन मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से क्लीन स्वीप किया।
राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवर में 254 रन बनाए। भारत की ओर से मोहित उल्वा और मनल चौहान ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का बल्ला लक्ष्य का पीछा करते समय जमकर बोला। उन्होंने 106 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल रहे। लक्ष्य ने पारी को संभालते हुए पहले आर्यवीर सहवाग के साथ 58 रन की साझेदारी की। आर्यवीर ने 34 रन बनाए। इसके बाद कुशाग्र ओझा के साथ लक्ष्य ने 85 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
कुशाग्र ओझा के आउट होने के बाद रजत बघेल ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। लक्ष्य और रजत के बीच पांचवें विकेट के लिए नाबाद साझेदारी ने भारत को 41.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। इससे पहले भारत ने पहला मुकाबला सात रन और दूसरा मैच बड़े अंतर से जीता था। अब भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमें दो चार दिवसीय यूथ टेस्ट मैचों में आमने-सामने होंगी, जिनकी शुरुआत 27 सितंबर से होगी।




