तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को लेकर की गई कड़ी टिप्पणी के बाद ईरान ने फिल्मी अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। जिम्बाब्वे स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेलुगु अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म ‘भगवंत केसरी’ का 58 सेकंड का एक्शन क्लिप साझा कर ट्रंप पर तंज कसा।
दूतावास ने पोस्ट के साथ लिखा कि ट्रंप ईरान को तबाह करने की बात कर रहे हैं, लेकिन वह जानते हैं कि ईरान असहाय नहीं है। पोस्ट में यह भी व्यंग्य किया गया कि अमेरिकी प्रशासन हाल में हॉलीवुड के बजाय बॉलीवुड फिल्में देख रहा है।
हालांकि, ईरानी दूतावास की पोस्ट में एक तथ्यात्मक गलती भी सामने आई। साझा किया गया वीडियो बॉलीवुड फिल्म का नहीं, बल्कि तेलुगु भाषा की फिल्म ‘भगवंत केसरी’ का है। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस गलती की ओर तुरंत ध्यान दिलाया।
एक्शन सीन से दिया संदेश
क्लिप में बालकृष्ण का किरदार कई हथियारबंद लोगों के सामने अकेले खड़ा दिखाई देता है। वीडियो में वह एक बड़े मैनहोल कवर को ढाल की तरह इस्तेमाल करते हुए हमलावरों का सामना करता नजर आता है। इसी दृश्य को ईरानी दूतावास ने ट्रंप की टिप्पणी के जवाब में इस्तेमाल किया।
ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में क्या कहा?
ईरानी दूतावास की यह पोस्ट अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए भाषण के बाद सामने आई। ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते की संभावना का जिक्र करते हुए यह भी कहा था कि उनके सामने ईरान के खिलाफ कठोर कार्रवाई का विकल्प मौजूद है। उनके बयान के बाद ईरान की ओर से यह सोशल मीडिया प्रतिक्रिया सामने आई।
‘भगवंत केसरी’ वर्ष 2023 में रिलीज हुई तेलुगु एक्शन फिल्म है। इसका निर्देशन अनिल रविपुडी ने किया था और इसमें नंदमुरी बालकृष्ण के साथ श्रीलीला, काजल अग्रवाल और अर्जुन रामपाल ने अभिनय किया है।



