नई दिल्ली। अमेरिकी वित्तीय कंपनी की भारतीय कस्टमर सपोर्ट टीम के करीब 80 कर्मचारियों को कथित तौर पर महज पांच मिनट की Google Meet कॉल में नौकरी से निकाल दिया गया। घटना का खुलासा एक प्रभावित कर्मचारी की सोशल मीडिया पोस्ट से हुआ, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
प्रभावित कर्मचारी के अनुसार, करीब 80 कर्मचारियों को उस दिन “ऑपरेशनल कारणों” का हवाला देकर घर से काम करने के लिए कहा गया था। कर्मचारी शाम 6:30 बजे की शिफ्ट में काम कर रहे थे। करीब तीन घंटे बाद, रात 9:30 बजे वरिष्ठ प्रबंधन ने पूरी टीम को अचानक वर्चुअल मीटिंग में शामिल होने के लिए कहा। इसी बैठक में टीम को नौकरी से हटाने की जानकारी दी गई।
कर्मचारी ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि पूरी भारतीय कस्टमर सपोर्ट टीम को एक साथ हटा दिया गया। उसके मुताबिक, सिर्फ पांच मिनट की इस कॉल से करीब 80 कर्मचारियों और उनके परिवारों पर असर पड़ा। कर्मचारी ने अचानक नौकरी जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि अब नई नौकरी तलाशना भी बड़ी चुनौती है।
प्रदर्शन को बताया गया वजह
कर्मचारी के मुताबिक, प्रबंधन ने भारतीय टीम से अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिलने को कार्रवाई की वजह बताया। हालांकि, ये दावे संबंधित कर्मचारी की सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित हैं और स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं हुए हैं।
सोशल मीडिया पर पूछे जाने पर कर्मचारी ने कंपनी का नाम ब्लूवाइन (Bluevine) बताया। ब्लूवाइन एक डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय प्लेटफॉर्म है, जो छोटे कारोबारों को बैंकिंग, भुगतान और क्रेडिट से जुड़ी सेवाएं प्रदान करता है।
घटना के बाद अचानक होने वाली छंटनी, नौकरी की सुरक्षा और कर्मचारियों को नौकरी समाप्ति की सूचना देने के तरीके को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस मामले पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।





