देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार, 18 सितंबर को प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं के साथ संवाद करेंगे। ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान के अंतिम चरण में होने वाले इस कार्यक्रम में युवा ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड?’ विषय पर अपना विजन मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।
इस अभियान के तहत प्रदेश के करीब तीन लाख कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को जोड़ा गया था। इनमें से 2,67,744 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव सरकार तक पहुंचाए। विशेषज्ञ टीम ने इनमें से 140 श्रेष्ठ एवं सार्थक विचारों वाले विद्यार्थियों का चयन किया है।
शिक्षा से पलायन तक मुद्दों पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, आईटी, पर्यटन और महिला एवं बाल विकास समेत कई विषयों पर युवाओं के सुझावों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री के संवाद से पहले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी चयनित विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे और उनके विचारों को समझेंगे।
सरकार के अनुसार, युवाओं के उपयोगी सुझावों को नीति-निर्माण और विकास योजनाओं में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं की सोच और अपेक्षाओं को सीधे सरकारी योजनाओं एवं प्रदेश के विकास की दिशा से जोड़ना है।
140 विद्यार्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप
अभियान के तहत चयनित 140 विद्यार्थियों को 12वीं के बाद करियर की तैयारी और कोचिंग के लिए दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत के दौरान विद्यार्थियों से उत्तराखंड के भविष्य को लेकर रचनात्मक सुझाव मांगे थे।
सरकार का कहना है कि युवाओं के विचारों को केवल संवाद तक सीमित न रखकर उन्हें प्रदेश की विकास योजनाओं में उपयोगी रूप से शामिल करने पर जोर दिया जाएगा।





