Top 5 This Week

Related Posts

10 सितंबर को आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन को भव्य बनाने में जुटें कार्यकर्ता

ऊधमसिंह नगर और काशीपुर जिले की संयुक्त व्यवस्था बैठक में सौंपी गई जिम्मेदारियां

रुद्रपुर।10 सितंबर को रुद्रपुर में प्रस्तावित पंजाबी गौरव सम्मेलन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगमन को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में ऊधमसिंह नगर एवं काशीपुर जिले की संयुक्त व्यवस्था बैठक आयोजित कर सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हल्द्वानी एवं रुद्रपुर प्रवास निर्धारित है। हल्द्वानी में वह पूर्व सैनिक सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगे।जबकि रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में शिरकत कर समाज के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को देखते हुए भाजपा दोनों कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर सफल बनाने की तैयारियों में जुटी है। इसी क्रम में ऊधमसिंह नगर और काशीपुर संगठन की संयुक्त बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने स्वागत भाषण देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और पंजाबी गौरव सम्मेलन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने किया, जबकि कार्यक्रम के संयोजक संदीप बाजवा रहे।बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए तैयारियों की समीक्षा की। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सम्मेलन की प्रस्तावित रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी। उन्होंने दोनों जिलों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था को समय रहते पूरा करने का आह्वान किया।कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि सम्मेलन में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क तेज करें और समाज के अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम का संदेश पहुंचाएं।

वक्ताओं ने कहा कि पंजाबी समाज ने देश के विभाजन की त्रासदी और विस्थापन की कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद अपने परिश्रम, पुरुषार्थ और राष्ट्रभक्ति से देश एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पंजाबी गौरव सम्मेलन समाज के इसी संघर्ष, संस्कृति, गौरव और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने का अवसर है। तराई क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी पंजाबी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रुद्रपुर में होने वाला यह सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद और सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार,प्रदेश महामंत्री तरुण,काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक शिव अरोरा, विधायक हरभजन सिंह चीमा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, काशीपुर महापौर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता,किसान आयोग उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, जिला सह प्रभारी साकेत अग्रवाल धन सिंह रावत, दर्जा मंत्री मेयर रामपाल सहित खातीव अहमद, गुरविंदर सिंह चंडोक, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, विवेक सक्सेना,सुरेश कम्बोज, प्रीत ग्रोवर,भारत भूषण चुग, वेद ठुकराल, रश्मि रस्तोगी, योगेश वर्मा, सुरेश कोली,हिमांशु शुक्ला, प्रमोद मित्तल,अक्षय अरोरा,अक्षय गेहलोत,विजय तोमर, मीना शर्मा, नीता सक्सेना, विवेक दीप सिंह, रचित सिंह, जितेंद्र गौतम सहित पंजाबी-सिख समाज के प्रमुख लोग समेत भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles