Top 5 This Week

Related Posts

नैनीताल में बारिश का हाई अलर्ट, जनजीवन प्रभावित; कई इलाकों में बढ़ा भूस्खलन का खतरा

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार छह और सात सितंबर को नैनीताल समेत कुमाऊं के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। आठ और नौ सितंबर को भी पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज होने की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

बारिश का असर जिले की सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है। इससे पहले हुई मूसलाधार बारिश के दौरान नैनीताल जिले में कई मोटर मार्ग मलबा और भूस्खलन आने से बाधित हुए थे। संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क संपर्क प्रभावित होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा है। संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। नदी, नालों और गधेरों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

भारी बारिश के मद्देनजर नैनीताल जिले में सात सितंबर को कक्षा एक से 12 तक के सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम की जानकारी पर नजर रखने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा है।

Popular Articles