Top 5 This Week

Related Posts

‘शुद्धिकरण’ के विरोध में कांग्रेस का सीएम आवास कूच, प्रदेशभर से जुटेंगे कार्यकर्ता

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस सोमवार को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। पार्टी ने इसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन बनाने की तैयारी की है। प्रदेशभर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।

कांग्रेस का आरोप है कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ कराया गया। पार्टी ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश के विभिन्न पुलिस थानों में तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। इसके साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर भी कांग्रेस में नाराजगी है।

प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी देहरादून पहुंच चुकी हैं। उन्होंने घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा सरकार पर उत्तराखंड की जनता की भावनाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ कराना सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाला कदम है।

कांग्रेस में शामिल होंगे कई लोग

मुख्यमंत्री आवास घेराव से पहले कांग्रेस में कई लोगों के शामिल होने का कार्यक्रम भी है। पूर्व दर्जाधारी रामकुमार वालिया अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने हाल ही में भाजपा से इस्तीफा दिया था। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगी।

हरीश रावत दिल्ली में रखेंगे मौन व्रत

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत देहरादून के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। वह दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक घंटे का मौन व्रत रखेंगे। रावत ने कहा है कि उत्तराखंड में छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ चल रहे संघर्ष में अपनी भागीदारी दर्ज कराने के लिए वह यह मौन व्रत रखेंगे।

Popular Articles