मुखानी में आधी रात छापा, छह आरोपी गिरफ्तार; दो विधि-विवादित किशोर संरक्षण में — लाखों के लेनदेन का खुलासा
हल्द्वानी। बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम दूसरों के नाम, लेकिन खेल करोड़ों के संदिग्ध लेनदेन का! नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुखानी क्षेत्र से कथित इंटरनेशनल साइबर क्राइम सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह म्यूल बैंक खातों, एटीएम कार्ड और अनधिकृत ऐप के जरिए रकम को इधर-उधर करने के साथ क्रिप्टोकरेंसी यूएसडीटी की खरीद-फरोख्त में भी सक्रिय था।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी की रणनीति के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट’ के दौरान एसओजी, साइबर सेल और मुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 5-6 सितंबर की रात लक्ष्मण विहार कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार मौके से गिरोह के कथित मुख्य संचालक समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.18 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप, 11 स्मार्टफोन, 24 सक्रिय एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 सिम कार्ड, छह चेकबुक, चार पासबुक और 16 बैंक जमा/सीडीएम पर्चियां बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान ने पुलिस की जांच को संदिग्ध बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की दिशा में आगे बढ़ा दिया है।
बिनांस से यूएसडीटी खरीद, टेलीग्राम से ग्राहक तलाशने का दावा
प्रारंभिक जांच में पुलिस को गिरोह के क्रिप्टोकरेंसी कारोबार से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी राहुल यादव बिनांस ऐप के माध्यम से नकदी जुटाकर यूएसडीटी खरीदता था। इसके बाद टेलीग्राम के जरिए संपर्क में आए लोगों को कथित अनधिकृत ‘उमस्टर’ ऐप के माध्यम से प्रतिदिन करीब चार से पांच लाख रुपये मूल्य की यूएसडीटी बेचने का काम किया जाता था।
पुलिस का कहना है कि इस कारोबार में करीब तीन प्रतिशत अतिरिक्त मुनाफे और बोनस का लालच देकर लेनदेन कराया जाता था। अब पुलिस गिरोह से जुड़े बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट, मोबाइल नंबरों और क्रिप्टो लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही है।
संयुक्त टीम ने खोला साइबर जाल
एसओजी नैनीताल: उपनिरीक्षक मोहन सौन (प्रभारी एसओजी), हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भानू प्रताप ओली, कांस्टेबल अशोक रावत और कांस्टेबल अरविंद सिंह।
साइबर सेल नैनीताल: उपनिरीक्षक मीनू गौतम (प्रभारी साइबर सेल), एएसआई बिहारीलाल कुशवाहा, हेड कांस्टेबल शिवेंद्र बोरा, हेड कांस्टेबल परमदीप सिंह और कांस्टेबल नरेंद्र धामी।





