चमोली। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में मंदिर के गर्भगृह के भीतर वीडियो रिकॉर्डिंग करने के आरोप में मुंबई से आए एक पर्यटक को सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालु का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, दर्शन के दौरान पर्यटक ने प्रतिबंध के बावजूद गर्भगृह के भीतर मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और मंदिर कर्मचारियों की नजर पड़ते ही उसे रोक लिया गया। पूछताछ के बाद उसका मोबाइल कब्जे में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने स्पष्ट किया है कि मंदिर के गर्भगृह में मोबाइल फोन से फोटो या वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। श्रद्धालुओं से लगातार अपील की जाती है कि वे मंदिर की धार्मिक परंपराओं, सुरक्षा नियमों और आस्था की मर्यादा का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की वीडियो रिकॉर्डिंग या फोटोग्राफी से बचने की अपील की है, ताकि मंदिर की गरिमा और सुरक्षा बनी रहे।





