हैदराबाद। उम्र के 73वें पड़ाव पर भी हौसले और मेहनत की मिसाल पेश करते हुए तेलंगाना के डीवी शंकर राव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। दिल की बाईपास सर्जरी के 14 साल बाद उन्होंने अमेरिका में आयोजित विश्व मास्टर्स पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में दो पदक अपने नाम किए। शंकर राव ने क्लासिक डिवीजन में कांस्य और इक्विप्ड डिवीजन में रजत पदक जीता।
तेलंगाना के भद्राचलम निवासी शंकर राव ने अमेरिका के नेवादा राज्य के रेनो शहर में आयोजित प्रतियोगिता के मास्टर्स-4, 74 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने 15 अक्टूबर को क्लासिक डिवीजन में ओवरऑल कांस्य पदक हासिल किया। इसके बाद 22 अक्टूबर को इक्विप्ड डिवीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल रजत पदक जीता।
59 साल की उम्र में हुई थी बाईपास सर्जरी
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के पूर्व अधिकारी शंकर राव सितंबर 2012 में 59 वर्ष की उम्र में कोरोनरी आर्टरी बाईपास सर्जरी से गुजरे थे। जुलाई 2013 में सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने अपनी फिटनेस पर ध्यान देना शुरू किया। सुबह की सैर के दौरान एक मित्र ने उन्हें जिम में प्रशिक्षण लेने और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
शुरुआत में स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण वह हिचकिचाए, लेकिन परिवार और चिकित्सकों की सलाह के बाद उन्होंने सावधानीपूर्वक अभ्यास शुरू किया। फरवरी 2025 में उन्होंने पावरलिफ्टिंग का प्रशिक्षण लेना शुरू किया। इसके बाद केरल के कोझिकोड में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की।
अगला लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण
शंकर राव ने कहा कि 73 वर्ष की उम्र में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्व मंच पर दो अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल करना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि से यदि कुछ वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलती है तो यह उनके लिए पदक जीतने से भी बड़ी उपलब्धि होगी।
उनकी इस सफलता पर भद्राचलम के विधायक टेल्लम वेंकट राव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनकी उपलब्धि को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल करने की सिफारिश की है। शंकर राव का अगला लक्ष्य विश्व मास्टर्स पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना है।





