Top 5 This Week

Related Posts

13.31 लाख का बजट, फिर भी सड़क बदहाल! बागजाला के ग्रामीणों ने दी तालाबंदी की चेतावनी

मार्च से मिल रहे आश्वासन, महीनों बाद भी मरम्मत शुरू नहीं; किसान महासभा ने लोक निर्माण विभाग को घेरा

हल्द्वानी। बजट भी आ गया, वादे भी हुए, लेकिन बागजाला की सड़क की बदहाली दूर नहीं हुई। गौलापार के बागजाला में सड़क मरम्मत के नाम पर महीनों से चल रही वादों की कसरत से ग्रामीणों का सब्र जवाब देने लगा है। अब किसान महासभा ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय पर काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन होगा और लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी।

अखिल भारतीय किसान महासभा की बागजाला कमेटी का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचा। अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति में सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों का आक्रोश जताया गया।

ज्ञापन में कहा गया कि मार्च से अब तक कई दौर की वार्ताओं में विभाग सड़क की मरम्मत जल्द शुरू कराने का आश्वासन देता रहा है। इसके लिए 13.31 लाख रुपये का बजट भी विभाग को मिल चुका है, लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी काम एक इंच आगे नहीं बढ़ा। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

किसान महासभा ने सवाल उठाया कि आखिर सड़क की मरम्मत के लिए ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता क्यों अपनाना पड़े? विभाग स्पष्ट करे कि काम किस तारीख से शुरू होगा। सहायक अभियंता ने दूरभाष पर अधिशासी अभियंता से वार्ता कर जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण अब केवल आश्वासन के भरोसे बैठने को तैयार नहीं हैं।

महासभा ने दो टूक कहा कि इस बार भी वादा पूरा नहीं हुआ तो सैकड़ों ग्रामीण विभागीय कार्यालय पहुंचकर तालाबंदी करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. कैलाश पाण्डेय, वेद प्रकाश, विमला देवी, हेमा आर्य, दीवान सिंह बर्गली, ललित प्रसाद, दौलत सिंह कुंजवाल, बासुदेव, पूरन राम, नंद किशोर, पार्वती देवी, शांति देवी, महेंद्र आर्य, महेश राम, रमेश चंद्र कोठारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Popular Articles