Top 5 This Week

Related Posts

हनी ट्रैप से आगे बढ़ीं विदेशी एजेंसियां, अब साइबर जासूसी, कर्ज और MLM के जरिए रक्षा कर्मियों को बना रहीं निशाना

नई दिल्ली। भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों की गोपनीय जानकारियां हासिल करने के लिए विदेशी खुफिया एजेंसियां अब नए-नए तरीके अपना रही हैं। पारंपरिक हनी ट्रैप के अलावा साइबर जासूसी, मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) और अवैध कर्ज के जाल के जरिए रक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है। भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0’ में यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि हनी ट्रैप जासूसी का केवल एक हिस्सा है। आज के दौर में विदेशी एजेंसियां साइबर माध्यमों और आर्थिक प्रलोभनों के जरिए भी संवेदनशील सूचनाएं हासिल करने की कोशिश कर रही हैं। इसके लिए मल्टी लेवल मार्केटिंग और लोन शार्क जैसे माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अंदरूनी लोगों को बनाया जा रहा निशाना

एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने बताया कि भारतीय सैन्य संचार नेटवर्क इंटरनेट से पूरी तरह अलग यानी एयर-गैप्ड हैं। ऐसे में बाहरी साइबर हमलों के बजाय विदेशी एजेंसियां उन कर्मचारियों को निशाना बनाने की कोशिश कर रही हैं, जिनकी पहुंच संवेदनशील प्रणालियों तक है। इसे इनसाइडर थ्रेट कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि इस खतरे से निपटने के लिए तकनीकी और संस्थागत स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सरकारी रक्षा प्रयोगशालाओं के साथ निजी रक्षा कंपनियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

निजी कंपनियों को सुरक्षा सलाह

वायु सेना प्रमुख ने कहा कि निजी रक्षा कंपनियों और उनके कर्मचारियों को सुरक्षित सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल तथा नेटवर्क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। इसके लिए एक विशेष एजेंसी निजी क्षेत्र को तकनीकी सलाह दे रही है। सुरक्षा नियमों का पालन करने से ज्यादातर साइबर खतरों को रोका जा सकता है।

जासूसी के मामलों ने बढ़ाई चिंता

यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां लीक करने के आरोप में कई गिरफ्तारियां हुई हैं। हाल ही में दिल्ली पुलिस ने एक रक्षा अधिकारी को संवेदनशील सैन्य तैनाती की जानकारी लीक करने और मोबाइल फोन में डेटा चोरी करने वाला मैलवेयर डालने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया था।

वहीं, अक्टूबर में आंध्र प्रदेश पुलिस ने विशाखापत्तनम में एक नौसेना कर्मी और एक संविदा चालक को भी जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया था।

इन घटनाओं ने देश की रक्षा सुरक्षा और संवेदनशील सूचनाओं की निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Popular Articles