वाशिंगटन। भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के रणनीतिक समूह क्वाड (QUAD) के कमजोर पड़ने संबंधी मीडिया रिपोर्टों को अमेरिका ने सिरे से खारिज कर दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने इन खबरों को ‘फेक न्यूज’ बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के नेतृत्व में क्वाड लगातार सक्रिय है और चारों देशों के बीच सहयोग मजबूत बना हुआ है।
अमेरिकी विदेश विभाग के सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो पिछले दो वर्षों में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों के साथ पांच बार औपचारिक बैठक कर चुके हैं। इनमें से तीन बैठकें पिछले छह महीनों में हुई हैं। इसके अलावा चारों देशों के अधिकारियों के बीच हर महीने नियमित बातचीत होती है।
पोलिटिको की रिपोर्ट पर दिया जवाब
दरअसल, अमेरिकी मीडिया संस्थान पोलिटिको ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि ट्रंप प्रशासन की नीतियों और चीन के प्रति उसके बदलते रुख के कारण क्वाड कमजोर पड़ रहा है। रिपोर्ट में समूह को ‘लाइफ सपोर्ट’ पर बताया गया था।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जॉनसन ने कहा कि विदेश मंत्री रुबियो की पदभार संभालने के बाद पहली आधिकारिक बातचीत भी क्वाड देशों के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि अमेरिका आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान क्वाड नेताओं की बैठक को औपचारिक रूप देने की दिशा में काम कर रहा है।
मनीला में जुटेंगे चारों देशों के नेता
करीब दो साल के अंतराल के बाद क्वाड देशों के नेता 17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला में मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।
बैठक में समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती तकनीक, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य, आर्थिक सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और क्षेत्रीय संपर्क जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
चीन की बढ़ती गतिविधियों पर रहेगी नजर
दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चारों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और खुला बनाए रखने, अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन तथा क्षेत्रीय संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे।
गौरतलब है कि क्वाड को वर्ष 2021 में शीर्ष नेताओं के स्तर पर सक्रिय मंच बनाया गया था। पिछली शिखर बैठक सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी।




