बैंक्वेट हॉल संचालकों को एसपी सिटी की दोटूक चेतावनी, सड़क पर पार्किंग और खतरनाक आतिशबाजी पर भी लगेगी रोक
हल्द्वानी। शादी की खुशियों के नाम पर सड़कें जाम करने, देर रात तक कानफोड़ू डीजे बजाने और बारात के नाम पर यातायात ठप करने वालों की अब खैर नहीं। विवाह समारोहों में मनमानी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। साफ कर दिया गया है कि शादी समारोह की आड़ में आम जनता को परेशानी में डालने की छूट किसी को नहीं मिलेगी। नियम तोड़े तो कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
आगामी विवाह सीजन को देखते हुए शनिवार को एसपी सिटी हरबंस सिंह ने मिनी पुलिस लाइन में बैंक्वेट हॉल प्रबंधकों, डीजे और बैंड संचालकों के साथ बैठक की। इसमें हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र के संचालकों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
एस पी सिटी हरबंश सिंह ने कहा कि बारात बैंक्वेट हॉल से 100 मीटर की दूरी से ही चढ़ाई जाएगी। रात 10 बजे के बाद डीजे और बैंड बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। बैंक्वेट हॉल के अंदर और चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ सुरक्षा के लिए वालंटियर तैनात करना भी अनिवार्य होगा।
बारात की बुकिंग से पहले संबंधित अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी और इसकी सूचना समय रहते थाना प्रभारी को देनी होगी। बैंक्वेट हॉल संचालकों को वर-वधू पक्ष को भी पहले से समझाना होगा कि बारात निर्धारित समय पर ही हॉल में पहुंचे, ताकि मुख्य सड़क पर जाम न लगे।
पुलिस ने असलहों के साथ बैंक्वेट हॉल में प्रवेश पर रोक लगाई है। बारात में शामिल वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करनी होगी। मुख्य सड़क पर वाहन खड़े मिले तो जिम्मेदारी संचालकों की होगी। कैटरर्स, बैंड और डीजे संचालकों का सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है।
बैंड संचालकों को छोटी ट्रॉली के साथ सड़क किनारे चलने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सड़क के बीचोंबीच या भीड़ के नजदीक खतरनाक आतिशबाजी करने पर रोक रहेगी। सभी थाना प्रभारी और यातायात पुलिस बारात की सूचना पर अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्था संभालेंगे।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में कोतवाल विजय मेहता, मुखानी प्रभारी सुशील जोशी, काठगोदाम प्रभारी जसवीर सिंह चौहान, बनभूलपुरा प्रभारी दिनेश फर्त्याल, यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय, सीपीयू प्रभारी जगदीश राय, मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी दीपक कार्की और हीरानगर चौकी प्रभारी संजीत राठौड़ सहित बैंक्वेट हॉल, डीजे और बैंड संचालक मौजूद रहे।




