निवेश के नाम पर बुना ठगी का जाल, पांच बार में रकम ऐंठी; पैसे मांगने पर देने लगा टालमटोल के बहाने
हल्द्वानी। शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने की चाहत एक व्यक्ति को भारी पड़ गई। आईपीओ और वायदा कारोबार (एफएंडओ) में 70 से 80 प्रतिशत तक निश्चित मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने पीड़ित से लाखों रुपये ठग लिए। पांच बार में रकम खाते में मंगाने के बाद आरोपी न तो निवेश का हिसाब दे सके और न ही पैसा वापस किया। अब पीड़ित की शिकायत पर काठगोदाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाइडिल गेट काठगोदाम निवासी सागर जोशी 30 जून को उनके पास एक फोन आया। कॉल करने वाले ने रितुराज नामक व्यक्ति की कंपनी का हवाला देते हुए आईपीओ और एफएंडओ ट्रेडिंग में निवेश कराने की बात कही। साथ ही 70 से 80 प्रतिशत तक पक्के मुनाफे का भरोसा दिलाया। मोटे रिटर्न के लालच में पीड़ित उसके झांसे में आ गए।
इसके बाद पीड़ित ने गूगल-पे के जरिए अलग-अलग तारीखों में पांच बार रकम ट्रांसफर की। इस तरह कुल 1,98,400 रुपये आरोपियों तक पहुंच गए।
न पैसा मिला, न आईपीओ की जानकारी
निवेश के बाद जब पीड़ित ने अपने पैसों और आईपीओ की लिस्टिंग के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी संतोषजनक जवाब देने से बचने लगे। रकम वापस मांगने पर दो-चार दिन में भुगतान करने का दिलासा दिया जाता रहा, लेकिन पैसा लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल की जाती रही।
आखिरकार पीड़ित ने थाना काठगोदाम में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब मोबाइल नंबर, गूगल-पे लेनदेन और संबंधित बैंक खातों की जांच के जरिए ठगी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
लालच का कारोबार, ठगी का शिकार!
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार में 70-80 प्रतिशत निश्चित मुनाफे का दावा करने वालों के झांसे में न आएं। निवेश से पहले कंपनी और संबंधित संस्थान की विश्वसनीयता जांचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।





