अर्शदीप कौर की मौत पर चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप, ऑपरेशन से पहले जांच नहीं करने का दावा; डीएम की अध्यक्षता में होगा मातृ मृत्यु ऑडिट
हल्द्वानी। अस्पताल में जिंदगी की उम्मीद लेकर पहुंची गर्भवती महिला की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामपुर रोड स्थित पी एस पी अस्पताल में अर्शदीप कौर की मौत के बाद शनिवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल के बाहर धरना देकर उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और उपचार में कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
गौलापार के दानीबंगर स्थित ग्राम सीतापुर निवासी अर्शदीप कौर पत्नी तलविंदर सिंह को 11 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब एक वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी। परिजनों के मुताबिक, 13 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने आवश्यक जांच किए बिना ही प्रसव के लिए ऑपरेशन कर दिया। उनका दावा है कि इसी दौरान उपचार में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते महिला की जान चली गई। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
मौत की खबर के बाद शनिवार को परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप भुल्लर भी उनके समर्थन में धरने पर पहुंचे। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर स्थिति संभाली।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल से मांगा जवाब
मामले ने तूल पकड़ा तो स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच शुरू कर दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि मातृ मृत्यु के प्रत्येक मामले की समीक्षा मैटरनल डेथ सर्विलांस एंड रिस्पॉन्स (एमडीएसआर) के तहत अनिवार्य है। अस्पताल प्रबंधन को पत्र भेजकर 24 से 48 घंटे के भीतर निर्धारित प्रारूप में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में यह देखा जाएगा कि उपचार के दौरान निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन हुआ था या नहीं। मोटाहल्दू स्थित चिकित्सा अधिकारी प्रभारी की टीम को मृतका के घर जाकर सामुदायिक स्तर पर जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डीएम की अध्यक्षता में खुलेगी मौत की वजह की परतें
सीएमओ के अनुसार, अस्पताल की रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की टीम के आकलन के बाद पहले सीएमओ स्तर पर समीक्षा होगी। इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मातृ मृत्यु ऑडिट कराया जाएगा। जांच में उपचार की प्रक्रिया, चिकित्सकीय निर्णय और मौत की परिस्थितियों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा।
पुलिस को तहरीर नहीं, पोस्टमार्टम से भी इनकार
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत होने की जानकारी मिली है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक गर्भवती महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या उपचार के दौरान तय चिकित्सा मानकों का पालन किया गया था या कहीं चूक हुई? इन सवालों का जवाब स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।





