मसूरी। उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण है। मसूरी के केम्पटी फॉल स्थित हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट के संस्थापक एवं निदेशक 84 वर्षीय शिव प्रसाद चमोली को देश के सर्वोच्च साहसिक सम्मान ‘तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024’ से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें आजीवन उपलब्धि (लाइफटाइम अचीवमेंट) श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया।
पर्वतारोहण, स्कीइंग और रिवर राफ्टिंग के क्षेत्र में छह दशक से अधिक समय तक उल्लेखनीय योगदान और ऐतिहासिक अभियानों का नेतृत्व करने के लिए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया। पुरस्कार के तहत कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र और 15 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है।
5000 किलोमीटर की ऐतिहासिक हिमालयी यात्रा का नेतृत्व
शिव प्रसाद चमोली की उपलब्धियों में वर्ष 1981 का भारत-न्यूजीलैंड ग्रेट हिमालयन ट्रैवर्स अभियान विशेष रूप से उल्लेखनीय है। सर एडमंड हिलेरी के संरक्षण में आयोजित इस अभियान में उन्होंने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई। अभियान के दौरान कंचनजंगा से काराकोरम तक 5000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर 106 हिमालयी दर्रे पार किए गए। यह अभियान विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज है।
वर्ष 1991 में उन्होंने भारत-जापान के संयुक्त ब्रह्मपुत्र राफ्टिंग अभियान का नेतृत्व किया। इसके अलावा वर्ष 1974 में 21,640 फीट ऊंचे नीलकंठ शिखर के प्रथम सफल आरोहण अभियान का नेतृत्व भी उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।
सेना और आईटीबीपी में भी दी सेवाएं
शिव प्रसाद चमोली भारतीय सेना में अधिकारी रहे और बाद में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में अपर महानिदेशक के पद पर सेवाएं दीं। वर्ष 1994 में उन्होंने मसूरी के केम्पटी फॉल में हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट की स्थापना की। संस्थान के माध्यम से अब तक 21 हजार से अधिक युवाओं और नागरिकों को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वहीं, 1420 से अधिक खोज एवं बचाव कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया गया है।
सम्मान टीम और उत्तराखंड को समर्पित
पुरस्कार मिलने पर चमोली ने कहा कि यह सम्मान उनकी पूरी टीम, उत्तराखंड के पहाड़ों और नदियों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि हिमालय ने उन्हें साहस और अनुशासन का पाठ सिखाया है, जिसे वे आगे भी युवाओं तक पहुंचाते रहेंगे।
उनकी इस उपलब्धि से मसूरी सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।




