मॉस्को। रूस के कैलिनिनग्राद क्षेत्र में बुधवार, 21 अक्टूबर को एक Su-30 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। हादसे के दौरान विमान में सवार दोनों पायलटों ने समय रहते इजेक्शन कर लिया और उनकी जान बच गई। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दोनों पायलटों के जीवन को कोई खतरा नहीं है।
रूसी समाचार एजेंसी इंटरफैक्स के मुताबिक, यह दुर्घटना प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। हादसे के बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाला।
आबादी से दूर गिरा विमान
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि लड़ाकू विमान एक निर्जन क्षेत्र में गिरा। राहत की बात यह रही कि विमान में कोई गोला-बारूद नहीं था। इससे बड़े नुकसान की आशंका कम हो गई। हालांकि, दुर्घटना के कारणों और विमान को हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
कुछ मीडिया रिपोर्टों में दोनों पायलटों के घायल होने और उन्हें सैन्य अस्पताल ले जाने की जानकारी दी गई है। हालांकि, रूसी रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उनकी जान को कोई खतरा नहीं है।
जांच के बाद सामने आएगी हादसे की वजह
Su-30 रूस का प्रमुख बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान है, जिसका इस्तेमाल हवाई युद्ध और विभिन्न सैन्य अभियानों में किया जाता है। कैलिनिनग्राद क्षेत्र रूस के लिए सामरिक रूप से महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र बाल्टिक सागर के किनारे स्थित है और इसकी सीमाएं पोलैंड तथा लिथुआनिया से लगती हैं।
फिलहाल विमान दुर्घटना के पीछे तकनीकी खराबी, मानवीय चूक या किसी अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




