Top 5 This Week

Related Posts

मिस्र में भीषण सड़क हादसा, पेट्रोलियम उत्पादों से भरा वाहन पलटने के बाद लगी आग; 31 लोगों की मौत, 21 घायल

काहिरा। मिस्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने भयावह रूप ले लिया। पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक वाहन पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग आसपास से गुजर रहे कई वाहनों तक फैल गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हादसा काहिरा के रिंग रोड पर गीजा प्रांत के अल-वराक इलाके में एक सुरंग के ऊपर हुआ। पेट्रोलियम उत्पाद ले जा रहा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें आग लग गई। इसके बाद आग ने आसपास से गुजर रही कारों और मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

27 वाहन जलकर हुए खाक

मिस्र के सरकारी अभियोजन कार्यालय के मुताबिक, शुरुआती आकलन में हादसे के दौरान 27 वाहन आग में जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें कारें और मोटरसाइकिलें शामिल हैं। आग इतनी भीषण थी कि कई लोग अपने वाहनों से बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर चारों तरफ धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

39 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं

स्वास्थ्य मंत्रालय ने राहत और बचाव कार्य के लिए 39 एंबुलेंस तैनात की थीं। घायलों को आसपास के तीन अस्पतालों में पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान करने के लिए डीएनए जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

हादसे की जांच के आदेश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक ने स्टीयरिंग से नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण वाहन सड़क के डिवाइडर से टकराकर पलट गया और उसमें विस्फोट के बाद आग लग गई। हालांकि, हादसे के सभी कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवारों और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Popular Articles