Top 5 This Week

Related Posts

बदरीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी, कड़ाके की ठंड ने दी दस्तक; उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में रविवार को ताजा बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बर्फबारी के बाद धाम और आसपास की चोटियों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। अचानक बढ़ी ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने हैं। कपाट बंद होने से ठीक एक दिन पहले हुई बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र में ठंड बढ़ा दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में सर्द हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

कई पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 15 नवंबर को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। चारधाम यात्रा मार्ग के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

16 नवंबर से पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के अनुसार 16 से 20 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां थमने के बाद मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

नवंबर में दून की गर्मी ने तोड़ा था रिकॉर्ड

इस बार नवंबर में मौसम का मिजाज सामान्य से अलग रहा है। बीते 10 नवंबर को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक था। करीब दस साल बाद नवंबर में तापमान इस स्तर तक पहुंचा था। इससे पहले 2 नवंबर 2016 को भी दून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर दिन और रात दोनों के तापमान पर दिखाई दे रहा है।

Popular Articles