Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में इबोला का खतरा, अफ्रीकी देशों से आए 55 पर्यटक निगरानी में; सरकार ने जारी की एडवाइजरी

देहरादून। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए उत्तराखंड सरकार सतर्क हो गई है। प्रदेश में अफ्रीकी देशों से आए 55 पर्यटकों की पहचान कर स्वास्थ्य विभाग ने उनकी निगरानी शुरू कर दी है। सभी यात्रियों के स्वास्थ्य पर 21 दिनों तक नजर रखी जाएगी। सरकार ने इस संबंध में विशेष स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी करते हुए सभी जिलों के अधिकारियों और चिकित्सा विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और अन्य अफ्रीकी देशों में इबोला संक्रमण के मामले सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में उत्तराखंड में भी विदेश से आने वाले यात्रियों की जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने विमानपत्तन प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि विदेश से आने वाले यात्रियों का विवरण समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी निगरानी की जा सके।

एम्स ऋषिकेश को बनाया आइसोलेशन अस्पताल

संभावित संक्रमण से निपटने के लिए एम्स ऋषिकेश में विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां बृहस्पतिवार को मॉकड्रिल आयोजित कर संदिग्ध मरीजों को अस्पताल लाने, जांच करने और भर्ती करने की व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। इसके बाद एम्स ऋषिकेश को इबोला के लिए आइसोलेशन अस्पताल नामित किया गया है।

देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के अनुसार, यात्रियों को उनकी जोखिम श्रेणी के आधार पर निगरानी में रखा जाएगा। प्रथम श्रेणी के यात्रियों की सामुदायिक स्तर पर निगरानी होगी, जबकि दूसरी और तीसरी श्रेणी के यात्रियों के लिए निर्धारित एसओपी के अनुसार क्वारंटाइन और आइसोलेशन की व्यवस्था की जाएगी।

अभी किसी यात्री में नहीं मिले लक्षण

राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ. पंकज सिंह के मुताबिक, इबोला वायरस शरीर की रक्तवाहिकाओं के साथ लिवर, किडनी और आंतों को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, आंखें लाल होना, शरीर पर लाल धब्बे पड़ना तथा गंभीर स्थिति में नाक और मसूड़ों से खून आना शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निगरानी में रखे गए 55 यात्रियों में फिलहाल संक्रमण के कोई लक्षण नहीं मिले हैं।

स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह सतर्क है। सभी जिलों के सीएमओ और जिला अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Popular Articles