Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून में पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली; दूसरा फरार

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर क्षेत्र में हाल ही में हुई गोकशी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि दोनों ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों को पिस्तौल दिखाकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में पहुंचने पर बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।

सहारनपुर का रहने वाला है घायल आरोपी

घायल आरोपी की पहचान 32 वर्षीय इरशाद पुत्र मोहम्मद जमशेद निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान शमीम निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, सहारनपुर के रूप में की गई है। पुलिस उसकी तलाश में टी-स्टेट और आसपास के इलाकों में कांबिंग अभियान चला रही है।

तमंचा और गोकशी के उपकरण बरामद

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में घायल इरशाद की प्रेमनगर क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर इसी महीने हुई गोकशी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, घटना में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी बरामद की है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे। घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Popular Articles