विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से पेरिस में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं राष्ट्रपति मैक्रों को पहुंचाईं और आतंकवाद के खिलाफ भारत को मिले फ्रांस के मजबूत समर्थन के लिए उनका आभार जताया। जयशंकर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर सम्मानित महसूस किया। पीएम मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और आतंकवाद के खिलाफ फ्रांस के मजबूत समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत में आपसी विश्वास, सहजता और रणनीतिक साझेदारी की महत्वाकांक्षा स्पष्ट रूप से दिखी।बता दें कि जयशंकर इन दिनों अपने यूरोप दौरे पर हैं, जहां वे भारत और यूरोपीय देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराने में जुटे हैं, खासकर 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से।
इसके साथ ही जयशंकर ने फ्रांस के मार्से शहर में आर्मेनिया के विदेश मंत्री अरारत मिर्जोयान से भी मुलाकात की। जयशंकर ने इसे महत्वपूर्ण बातचीत बताया, जिसमें दोनों देशों के बीच सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। इससे पहले जयशंकर ने ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की थी और भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की थी।





