हल्द्वानी। सफर के दौरान गुम हुआ कीमती मोबाइल फोन मिलने के बाद एक अध्यापिका के चेहरे पर खुशी लौट आई। नैनीताल पुलिस की सतर्कता और होमगार्ड की ईमानदारी से पिथौरागढ़ के बेरीनाग निवासी अध्यापिका शीला आगरी का मोबाइल उन्हें सकुशल वापस मिल गया।
जानकारी के मुताबिक अध्यापिका शीला आगरी हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में सफर कर रही थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। बाद में पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड राहुल देव को लावारिस हालत में मोबाइल मिला।
राहुल देव ने मोबाइल को अपने पास रखने के बजाय उसके वास्तविक स्वामी की तलाश शुरू की। प्रयासों के बाद अध्यापिका शीला आगरी से संपर्क कर उन्हें मोबाइल मिलने की जानकारी दी गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मोबाइल उन्हें सौंप दिया गया।
खोया मोबाइल वापस मिलने पर अध्यापिका ने नैनीताल पुलिस और विशेष रूप से होमगार्ड राहुल देव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी की ईमानदारी और संवेदनशीलता ने आमजन के बीच खाकी के प्रति भरोसा और मजबूत किया है।
इनसेट : ईमानदारी की मिसाल बनी खाकी
मोबाइल मिलने के बाद उसे अपने पास रखने के बजाय उसके असली मालिक तक पहुंचाने की पहल कर होमगार्ड राहुल देव ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की।





