उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज आज भी बिगड़ा रहेगा। निचले इलाकों में हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है, वहीं शुक्रवार को तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
16 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट लागू होगा। 18 अगस्त तक प्रदेशभर में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन ने शुक्रवार सुबह 11:30 बजे तक के लिए बाढ़ का खतरा जताते हुए चेतावनी जारी की है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी में बाढ़ की आशंका है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे लोगों को सचेत करें और सभी आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करें।





