Top 5 This Week

Related Posts

बिहार में नए युग का सूत्रपात: सम्राट चौधरी आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जदयू कोटे से होंगे दो उप-मुख्यमंत्री

पटना: बिहार की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी आज बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। यह राज्य के इतिहास में पहला अवसर है जब भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं सम्राट चौधरी को मखाना की माला पहनाकर अपनी राजनीतिक विरासत उन्हें सौंपी है।

शपथ ग्रहण समारोह का कार्यक्रम

राजभवन के लोकभवन में आज सुबह 10:50 बजे भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है। राज्यपाल महोदय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दो उप-मुख्यांत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

  • अतिथि: इस गरिमामयी अवसर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, बिहार भाजपा के दिग्गज नेता और एनडीए के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
  • मंत्रिमंडल: आज केवल मुख्यमंत्री और दो उप-मुख्यमंत्री ही शपथ लेंगे; शेष मंत्रियों का शपथ ग्रहण बाद में किया जाएगा।

सत्ता का नया समीकरण: जदयू से होंगे दो डिप्टी सीएम

राज्य में सत्ता की कमान अब भाजपा के हाथ में है, ऐसे में गठबंधन के समीकरणों में भी बड़ा बदलाव आया है। अब तक भाजपा सरकार में दो डिप्टी सीएम देती थी, लेकिन अब ‘बड़े भाई’ की भूमिका में होने के कारण भाजपा के पास मुख्यमंत्री का पद है और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के खाते में दो उप-मुख्यमंत्री पद आए हैं।

  • विजय चौधरी: भूमिहार समाज से आने वाले विजय चौधरी को डिप्टी सीएम बनाया गया है।
  • बिजेंद्र यादव: यादव समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ नेता बिजेंद्र यादव दूसरे डिप्टी सीएम होंगे।
  • विशेष: राजनीतिक गलियारों में नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को यह पद देने की चर्चा थी, लेकिन उनके असहमत होने के बाद नीतीश कुमार के इन दो सबसे भरोसेमंद करीबियों के नामों पर मुहर लगी।

सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर और संकल्प

पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र सम्राट चौधरी ने वर्ष 2017 में राजद और जदयू का दामन छोड़कर भाजपा का हाथ थामा था। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद उन्होंने भावुक संबोधन में कहा:

“मैं पिछले 30 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हूँ, लेकिन 2015 में भाजपा से जुड़ने के बाद मुझे वास्तविक विचारधारा मिली। पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उसे प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ और नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ के संकल्प के साथ पूरा करूँगा।”

सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सुशासन और लोकतंत्र के मूल्यों को नीतीश जी से ही सीखा है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को आश्वस्त किया कि वे भाजपा की विचारधारा और देशहित को सर्वोपरि रखते हुए बिहार के विकास की गति को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

Popular Articles