हल्द्वानी। जवाहर नगर से दो नाबालिग सहेलियों के एक साथ अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों किशोरियां 2 अक्टूबर की शाम घर से निकलीं और फिर वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने रिश्तेदारियों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन तीन दिन बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार परेशान परिजनों ने बनभूलपुरा कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस अब दोनों किशोरियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को दी तहरीर में जवाहर नगर वार्ड नंबर-14 निवासी यासमीन पत्नी जावेद आलम अंसारी ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी महजमनी बानो और उनकी किरायेदार सुभाष कुमार की 15 वर्षीय बेटी सिलोचनी आपस में सहेलियां हैं।
परिजनों के मुताबिक 2 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे दोनों बिना बताए कहीं चली गईं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। इसके बाद रिश्तेदारियों और संभावित ठिकानों पर भी दोनों को ढूंढा गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
लगातार तलाश के बावजूद दोनों किशोरियों का पता नहीं चलने पर परिवार की चिंता बढ़ती गई। आखिरकार 5 अक्टूबर को यासमीन ने बनभूलपुरा कोतवाली में सूचना देकर दोनों को तलाशने की गुहार लगाई। तहरीर के दौरान किरायेदार सुभाष कुमार भी मौजूद रहे।
बनभूलपुरा पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों के साथ ही संभावित स्थानों और अन्य सुरागों की जांच कर रही है।





