देहरादून से हल्द्वानी पहुंचे डिजिटल मार्केटिंगकर्मी पर अज्ञात हमलावर ने किया हमला, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हल्द्वानी। शहर में तड़के बस से उतरना पौड़ी निवासी एक युवक के लिए खौफनाक साबित हुआ। देहरादून से हल्द्वानी पहुंचे युवक के बस से नीचे उतरते ही एक अज्ञात हमलावर ने उसे चाकू की नोक पर घेर लिया। रुपये मांगने का विरोध करने पर आरोपी ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गया। घायल युवक को एसटीएच में भर्ती कराया गया है। सनसनीखेज बात यह है कि वारदात के बाद युवक के बैग से करीब चार लाख रुपये गायब मिले। पुलिस अब हमले के साथ रकम गायब होने की गुत्थी भी सुलझाने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक पौड़ी निवासी विकास देहरादून में डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं। उन्हें हल्द्वानी निवासी कारोबारी सुनील को करीब चार लाख रुपये का भुगतान करना था। देर रात वह देहरादून से बस में सवार होकर हल्द्वानी के लिए निकले थे।
तड़के करीब चार बजे विकास हल्द्वानी बस अड्डे पहुंचे। बस से उतरने के बाद एक अज्ञात युवक ने उन्हें चाकू की नोक पर रोक लिया और रुपये देने को कहा। विकास ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
विकास की चीख-पुकार सुनकर एक राहगीर वहां पहुंचा और घायल को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल विकास के मुताबिक हमले के बाद उनके बैग से करीब चार लाख रुपये गायब हैं। रकम गायब होने के बाद पुलिस वारदात को सिर्फ हमले तक सीमित नहीं मान रही, बल्कि लूट के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि रकम वास्तव में किस परिस्थिति में गायब हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पुलिस बस अड्डे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घायल की हालत के कारण फिलहाल उससे ज्यादा पूछताछ नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावर की पहचान के साथ ही चार लाख रुपये गायब होने के मामले की भी जांच कर रही है।





