Top 5 This Week

Related Posts

हैड़ाखान की खाई में समाई बाइक, पेंटर की मौत

100 मीटर नीचे गौला में मिला दिलीप का शव, साथी राजू अब भी लापता; एसडीआरएफ-पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

हल्द्वानी। शनिवार रात घर लौट रहे दो युवकों की बाइक हैड़ाखान मार्ग पर भोड़िया गांव के पास अचानक मौत की खाई में जा गिरी। करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद बाइक सवार पेंटर दिलीप कुमार (48) की जान चली गई। बीते दिवस उसका शव गौला नदी से बरामद होने के बाद हादसे का खुलासा हुआ। बाइक पर सवार उसका साथी दर्जी राजू आर्या अब तक लापता है। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें नदी और आसपास के दुर्गम इलाके में उसकी तलाश में जुटी हैं।

पुलिस के अनुसार गौलापार निवासी दिलीप कुमार और राजू आर्या शनिवार रात से घर नहीं पहुंचे थे। परिजनों ने रविवार दोपहर काठगोदाम कोतवाली पहुंचकर दोनों के लापता होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बीते दिवस गौला नदी में दिलीप का शव बरामद हुआ।

70 हजार की एडवांस रकम लेकर लौट रहे थे

राजू के भाई हेमंत आर्या के मुताबिक दिलीप को खन्स्यू में पेंट का बड़ा ठेका मिला था। ठेके का सौदा पक्का करने के लिए वह शनिवार को राजू के साथ हैड़ाखान गया था। उनके साथ दो अन्य बाइकों पर रोडवेज कर्मी समेत कुछ अन्य लोग भी गए थे। ठेका तय होने के बाद दिलीप को करीब 70 हजार रुपये एडवांस मिले थे।

इसके बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। रास्ते में साथियों ने पार्टी की और फिर अलग-अलग वाहनों से घर के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि अन्य साथी आगे निकल गए, जबकि दिलीप और राजू पीछे रह गए। दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

बाइक मिली, राजू का सुराग नहीं

दिलीप का शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में जांच-पड़ताल की तो हादसे का संभावित घटनास्थल सामने आया। प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि हैड़ाखान मार्ग पर बाइक अनियंत्रित हुई और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बाइक सवार दोनों युवक नीचे जा गिरे।

एक युवक की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन राजू आर्या का अभी कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस और बचाव दल नदी के साथ ही खाई तथा आसपास के जंगल क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हादसे की पूरी तस्वीर राजू के मिलने के बाद और साफ होने की उम्मीद है।

Popular Articles