आधार कार्ड से हुई शिनाख्त,दिल्ली से नैनीताल जा रहा था बाईक सवार
रुद्रपुर। हल्द्वानी रोड टांडा क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाईक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक 27 जून 2025 को सुबह लगभग 3:45 बजे एक अज्ञात वाहन चालक ने सूचना दी कि रेंज ऑफिस से करीब डेढ़ किलोमीटर पीछे एक बाईक सवार घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही संजयवन चौकी से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। वहां एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला। जबकि उसकी केटीएम बाईक पास में पड़ी थी। पुलिस ने तत्काल निजी वाहन की सहायता से घायल को जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भिजवाया।
मौके पर पहुंचे एसआई पंकज महर ने घायल के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान कुन्दन सिंह सम्मल पुत्र खुशाल सिंह, निवासी रौसिल, नैनीताल के रूप में की। पुलिस के मुताबिक चिकित्सालय में उपचार के दौरान कुन्दन सिंह ने दम तोड़ दिया।पुलिस ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों तथा मृतक के परिजनों को दे दी है। मृतक की केटीएम बाईक को चौकी संजयवन में सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर कर रही है।





