नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि किसी विधायक की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने की आशंका मात्र के आधार पर उसकी दोषसिद्धि के फैसले पर रोक नहीं लगाई जा सकती। अदालत ने कहा कि यदि इस आधार पर राहत दी जाने लगी तो दोषी ठहराया गया प्रत्येक विधायक स्वतः दोषसिद्धि पर रोक लगाने का हकदार बन जाएगा।
न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने बुधवार को यह टिप्पणी कर्नाटक हाई कोर्ट के आदेश को रद्द करते हुए की। हाई कोर्ट ने भाजपा नेता योगेश गौदर की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए आठ लोगों की सजा निलंबित कर जमानत दी थी। इनमें कर्नाटक के पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी भी शामिल थे।
पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी की जमानत रद्द
सुप्रीम कोर्ट ने विनय कुलकर्णी समेत सभी आठ दोषियों की जमानत रद्द कर दी और उन्हें दो सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। इन सभी को हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
पीठ ने कहा कि दोषसिद्धि पर रोक लगाना असाधारण राहत है, जो केवल दुर्लभ और विशेष परिस्थितियों में ही दी जा सकती है। इसके लिए अदालत को यह संतुष्ट होना आवश्यक है कि दोषसिद्धि के फैसले में ऐसी स्पष्ट और गंभीर गलती है, जिसके कारण दोषी को अपूरणीय नुकसान हो सकता है।
गंभीर अपराधों में राहत के लिए ठोस आधार जरूरी
शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि हत्या, डकैती, दुष्कर्म और फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में केवल आपराधिक अपील लंबित होने या उसकी सुनवाई में देरी होने के आधार पर सजा निलंबित नहीं की जा सकती।
पीठ के अनुसार, हाई कोर्ट में अपीलों का लंबे समय तक लंबित रहना एक वास्तविक समस्या है, लेकिन इससे उम्रकैद की सजा पाए व्यक्ति को स्वतः जमानत का अधिकार नहीं मिल जाता।
अदालत ने स्पष्ट किया कि दोषसिद्धि के बाद निर्दोष होने की धारणा काफी हद तक कमजोर हो जाती है। सजा निलंबित करने का आदेश तभी दिया जाना चाहिए, जब अपीलीय अदालत को दोषी के बरी होने की उचित संभावना दिखाई दे।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को जनप्रतिनिधियों की आपराधिक जवाबदेही और चुनावी अयोग्यता से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





