Top 5 This Week

Related Posts

इंदौर पुलिस पर रिश्वत मांगने के आरोपों से पलटे अभिनेता कपिल खादीवाला, बोले- मेरे पास कोई सबूत नहीं

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस पर रिश्वत मांगने और फिल्म यूनिट के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाने वाले अभिनेता एवं मॉडल कपिल खादीवाला अब अपने ही आरोपों से पीछे हटते नजर आ रहे हैं। बुधवार को कनाड़िया थाने में पूछताछ के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई प्रत्यक्ष सबूत होने से इनकार किया।

पुलिस के अनुसार, कपिल खादीवाला ने पूछताछ में बताया कि शूटिंग के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर पैसे मांगने और टीम के साथ दुर्व्यवहार करने की जानकारी उन्हें प्रोडक्शन मैनेजर प्रकाश त्रिपाठी ने दी थी। उन्होंने स्वीकार किया कि यह घटना उनके सामने व्यक्तिगत रूप से नहीं हुई थी।

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लगाए थे आरोप

दरअसल, कपिल खादीवाला ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इंदौर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि कनाड़िया थाना क्षेत्र में वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनकी टीम के साथ अभद्रता की और पैसों की मांग की। उन्होंने वीडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील भी की थी।

वीडियो में उन्होंने इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह की तुलना अभिनेता सलमान खान से करते हुए उनके व्यवहार पर भी टिप्पणी की थी।

प्रोडक्शन मैनेजर से भी होगी पूछताछ

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कपिल खादीवाला को नोटिस जारी किया था। बुधवार दोपहर वह कनाड़िया थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी तिलक करोले के सामने उनके बयान दर्ज किए गए।

पुलिस ने प्रोडक्शन मैनेजर प्रकाश त्रिपाठी को भी पूछताछ के लिए बुलाया है, ताकि शूटिंग के दौरान हुई कथित घटना की वास्तविकता सामने आ सके।

पुलिस के मुताबिक, शूटिंग के लिए रात 11 बजे तक अनुमति दी गई थी, जबकि शूटिंग देर रात तक जारी थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Popular Articles