अहमदाबाद। गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के आसपास मांसाहारी भोजन की तैयारी, बिक्री और भंडारण पर लगी रोक को गुजरात हाई कोर्ट ने 16 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। बुधवार को मुख्य न्यायाधीश मनश रंजन पाठक और न्यायमूर्ति निर्झर देसाई की खंडपीठ ने अपने 30 अक्टूबर के अंतरिम आदेश को अगली सुनवाई तक जारी रखने का निर्देश दिया।
दरअसल, गिर सोमनाथ के जिला कलेक्टर ने 10 अगस्त को अधिसूचना जारी कर सोमनाथ मंदिर के 500 मीटर के दायरे में मांस, मटन, मछली, अंडे और अन्य मांसाहारी व्यंजनों की तैयारी, बिक्री तथा भंडारण पर प्रतिबंध लगाया था।
इस फैसले को मंदिर के आसपास कारोबार करने वाले रेस्तरां संचालकों ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। 30 अक्टूबर को हाई कोर्ट की एकल पीठ ने जिला प्रशासन की अधिसूचना को रद्द कर दिया था। अदालत का कहना था कि गुजरात पुलिस अधिनियम के तहत इस तरह का प्रतिबंध लगाने के अधिकार पर सवाल उठते हैं।
इसके बाद गुजरात सरकार ने एकल पीठ के फैसले को खंडपीठ में चुनौती दी। खंडपीठ ने उसी दिन एकल पीठ के आदेश पर रोक लगाते हुए प्रशासन की अधिसूचना को फिर से प्रभावी कर दिया। इससे मंदिर के आसपास मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध जारी रहा।
सुप्रीम कोर्ट भी नहीं मिली राहत
रेस्तरां संचालकों ने खंडपीठ के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। छह नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका का निपटारा करते हुए हाई कोर्ट को राज्य सरकार की अपील पर दो महीने के भीतर फैसला करने का निर्देश दिया था।
बुधवार को सुनवाई के दौरान रेस्तरां संचालकों की ओर से प्रतिबंध में राहत देने की मांग की गई, लेकिन अदालत ने अंतरिम आदेश जारी रखते हुए अगली सुनवाई की तारीख 16 दिसंबर तय कर दी।
राज्य सरकार का तर्क है कि सोमनाथ मंदिर की धार्मिक महत्ता और यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, रेस्तरां संचालकों का कहना है कि इस फैसले से उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है।





