हल्द्वानी/सितारगंज। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील सितारगंज के संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर भूमि कुर्की आदेश समाप्त करने, जमीन को बंधनमुक्त कराने तथा केसीसी ऋण से संबंधित कार्रवाई समाप्त करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि तहसील सितारगंज में नियुक्त संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा तथा वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा शिकायतकर्ता से कार्य कराने के बदले 10 हजार रुपये और 6 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने 29 जुलाई को कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा निवासी बोरिंग वाली गली, सितारगंज को शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये तथा वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा निवासी अमरूद पट्टी, बरेली रोड, नानकमत्ता, जनपद ऊधमसिंह नगर को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए तहसील सितारगंज कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




