देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56,18,497 के आंकड़े को पार कर गई है। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज 56.13 लाख श्रद्धालुओं का पिछला रिकॉर्ड टूट गया है।
चारधाम यात्रा के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इस वर्ष बड़ी संख्या में तीर्थयात्री देवभूमि पहुंचे। श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या को उत्तराखंड में बढ़ते धार्मिक पर्यटन और धामों के प्रति लोगों की आस्था का प्रमाण माना जा रहा है।
यात्रा व्यवस्थाओं पर रहा जोर
राज्य सरकार की ओर से यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं मजबूत की गईं। यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर किया गया। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
केदारनाथ और बदरीनाथ सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बेहतर कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के विस्तार का भी यात्रा पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। सुविधाओं में सुधार के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली।
धामी बोले- हर श्रद्धालु हमारा अतिथि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि तीर्थयात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद रहे।
मुख्यमंत्री ने यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों की भी सराहना की।





