बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद के चलते सामूहिक हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत ससुराल के सात लोगों की हत्या करने का आरोप है। मृतकों में सात साल का एक बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल एक बच्चे का शव बरामद हुआ है, जबकि बाकी छह लोगों के शवों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में रहता था। मृतकों की पहचान उसकी पत्नी सुनीता, सास रूपावती, दो साले शिवकुमार और शंकर, उनकी पत्नियों दिव्या और नलिनी तथा सात वर्षीय पुनीत के रूप में हुई है।
मायके से संबंध रखने को लेकर होता था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इंदुशेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच सुनीता के अपने मायके के परिवार से लगातार संपर्क रखने को लेकर अक्सर विवाद होता था। सुनीता की मां और भाई घरेलू विवादों में उसका समर्थन करते थे, जिससे आरोपी नाराज रहता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद उसने दोनों सालों को पार्टी के बहाने घर बुलाया और उनकी भी हत्या कर दी। बाद में उनकी पत्नियों, अपनी सास और सात वर्षीय बच्चे को भी निशाना बनाया।
नंदी हिल्स के पास ठिकाने लगाए शव
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने हत्या में पीसने वाले पत्थर का इस्तेमाल किया और शवों को अपनी कार से अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर फेंक दिया। वारदात के बाद उसने घर में खून के निशान मिटाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल भी किया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब परिवार की एक महिला के लापता होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नंदी हिल्स के पास तलाशी अभियान चलाया। करीब चार घंटे की खोजबीन के बाद सात वर्षीय पुनीत का शव बरामद किया गया। पुलिस की विशेष टीमें बाकी छह शवों की तलाश में जुटी हैं।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्याकांड को किस तरह अंजाम दिया गया तथा इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।





