ज्योतिर्मठ (चमोली)। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। लामबगड़ के पास एक पिकअप वाहन और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार 12 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन बदरीनाथ की ओर जा रहा था, जबकि कार बदरीनाथ धाम से लौट रही थी। इसी दौरान लामबगड़ के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। पिकअप में छह लोग सवार थे, जबकि कार में भी छह लोग मौजूद थे।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, पिकअप में सवार लोग कंबल बेचने का काम करते थे। वहीं, कार में सवार यात्री राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों से बताए जा रहे हैं।
रेस्क्यू अभियान चलाकर पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पहाड़ी मार्ग पर हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर बदरीनाथ हाईवे पर सुरक्षित वाहन संचालन और सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।





