Top 5 This Week

Related Posts

बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास लापता, छह लोग थे सवार; तलाश में जुटीं बचाव टीमें

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया। ट्रांस भारत एविएशन का यह हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) और बदरीनाथ के बीच अचानक संपर्क से बाहर हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे, जिनमें पांच यात्री शामिल थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। इसके बाद जोशीमठ क्षेत्र के छई गांव के आसपास हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) सक्रिय हो गए।

खोज एवं बचाव अभियान शुरू

हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए प्रशासन ने दूसरे हेलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सर्च अभियान शुरू कराया। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों को भी मौके के लिए रवाना किया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आईं।

पहाड़ी पर मिला हेलीकॉप्टर का मलबा

बाद की जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास छई गांव के नजदीक पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मलबा मिलने की सूचना सामने आई। हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत की आशंका जताई गई, हालांकि उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ को संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने और गंभीर रूप से घायलों को तत्काल हायर सेंटर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा।

पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक बदलते मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच इस हादसे ने एक बार फिर हेली सेवाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Popular Articles