हरिद्वार। उत्तराखंड के वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटन के शौकीनों के लिए खुशखबरी है। मानसून के चलते करीब पांच महीने तक बंद रहने के बाद रविवार, 15 नवंबर से राजाजी टाइगर रिजर्व के द्वार पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ ही चीला, मोतीचूर, रानीपुर और चिल्लावाली जोन में जंगल सफारी शुरू हो गई है।
रविवार सुबह मोतीचूर रेंज में वन विभाग के अधिकारियों ने विधिवत रूप से गेट खोलकर पर्यटकों का स्वागत किया। पहले दिन बड़ी संख्या में सैलानी जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंचे। पार्क प्रशासन ने नए पर्यटन सत्र को लेकर सफारी मार्गों की मरम्मत, कच्चे रास्तों को समतल करने और पर्यटकों की आवाजाही के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
15 जून तक उठा सकेंगे सफारी का आनंद
राजाजी टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 15 नवंबर से 15 जून 2027 तक चलेगा। इस दौरान पर्यटक जंगल के प्राकृतिक वातावरण में हाथी, बाघ, गुलदार, सांभर, चीतल और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने का आनंद ले सकेंगे।
पार्क प्रशासन के अनुसार, 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सुबह 6:30 से 8 बजे और दोपहर 1:30 से 3 बजे तक सफारी के लिए प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के भीतर जंगल से बाहर निकलना अनिवार्य होगा। फरवरी के बाद सूर्योदय और सूर्यास्त के अनुसार समय में बदलाव किया जाएगा।
वन्यजीवों के लिए बनाए नए जलस्रोत
इस बार पार्क प्रशासन ने वन्यजीवों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जंगल के विभिन्न हिस्सों में नए जलस्रोत विकसित किए हैं। इसके अलावा सफारी ट्रैक को भी दुरुस्त किया गया है, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
पिछले सत्र में पहुंचे थे 50 हजार से अधिक पर्यटक
पिछले पर्यटन सत्र में राजाजी टाइगर रिजर्व के चार जोन में कुल 50,309 पर्यटक पहुंचे थे। इनमें 47,881 भारतीय और 2,428 विदेशी पर्यटक शामिल थे। पार्क प्रशासन को इससे करीब 1.28 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध
इस बार सफारी के दौरान पर्यटकों के मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही केवल पंजीकृत टैक्सी नंबर वाले वाहनों को ही सफारी की अनुमति दी जाएगी। वन विभाग ने पर्यटकों से नियमों का पालन करने और वन्यजीवों को परेशान नहीं करने की अपील की है।
पार्क प्रशासन को उम्मीद है कि नए पर्यटन सत्र में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, जिससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।





