Top 5 This Week

Related Posts

पहाड़ों पर सीजन की पहली बर्फबारी, बदरीनाथ-पंचाचूली से सोनमर्ग तक बिछी सफेद चादर; मैदानों में बढ़ी ठिठुरन

नई दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी और बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। रविवार को बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, पंचाचूली, लाहुल-स्पीति, रोहतांग और जलोड़ी जोत सहित कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ। मौसम में आए बदलाव से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है।

उत्तराखंड की चोटियों पर हिमपात

उत्तराखंड में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और पंचाचूली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई। कुमाऊं मंडल की व्यास, दारमा और जोहार घाटियों में भी हिमपात हुआ। मुनस्यारी के खलिया टाप में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। वहीं, देहरादून और मसूरी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर में भी बारिश दर्ज की गई। जौलजीबी में तेज हवाओं और बारिश के कारण मेले के लिए लगाए गए बैनर और पोस्टर उड़ गए।

कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे

जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग, गुरेज घाटी और जोजिला दर्रे में करीब एक से दो इंच बर्फ गिरी। गुलमर्ग में भी हल्का हिमपात हुआ। शनिवार रात यहां न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। घाटी के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री नीचे दर्ज किया जा रहा है। जम्मू संभाग के कई जिलों में भी न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री के बीच रहने से ठंड बढ़ गई है।

हिमाचल में पर्यटन कारोबार को मिलेगी रफ्तार

हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति, रोहतांग और कुल्लू के जलोड़ी जोत में भी बर्फबारी हुई है। बर्फ से ढकी पहाड़ियों का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला, मनाली और धर्मशाला पहुंच रहे हैं। इससे पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मैदानों में सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

पहाड़ों में मौसम बदलने का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी महसूस किया जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम में आए इस बदलाव के बाद लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।

Popular Articles