Top 5 This Week

Related Posts

धामी कैबिनेट की बैठक आज, बिजली बिल सरचार्ज माफी और बैणी-भुली योजना पर लग सकती है मुहर; कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि के भी आसार

देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में महिलाओं, किसानों, बिजली उपभोक्ताओं और विभिन्न कर्मचारी वर्गों को राहत देने से जुड़े कई प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है। बैठक में मुख्यमंत्री की पूर्व में की गई घोषणाओं को लागू करने के प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी।

बैणी-भुली योजना के तहत महिलाओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

कैबिनेट बैठक में बैणी-भुली योजना के क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण फैसला हो सकता है। इसके तहत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी पांच लाख से अधिक महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि देने की योजना है। पहली किस्त दिसंबर 2026 में जारी किए जाने की घोषणा की गई है। इससे प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।

बिजली बिलों पर लगने वाला सरचार्ज हो सकता है माफ

बैठक में छोटे किसानों और आम बिजली उपभोक्ताओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है। बिजली बिलों का विलंबित भुगतान करने पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने के प्रस्ताव पर सरकार निर्णय ले सकती है। यदि इसे मंजूरी मिलती है तो बकाया बिजली बिलों पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ कम होगा। हालांकि, छूट की अवधि और पात्र उपभोक्ताओं को लेकर अंतिम जानकारी कैबिनेट के फैसले के बाद सामने आएगी।

आंगनबाड़ी, आशा और भोजनमाताओं के मानदेय में वृद्धि

सरकार ने एक दिसंबर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जा सकता है। इन घोषणाओं को लागू करने के लिए कैबिनेट की मंजूरी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अन्य योजनाओं पर भी हो सकती है चर्चा

बैठक में राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने, प्रत्येक जिले में दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने और अपुणि सरकार पोर्टल के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक सरल बनाने से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा संभव है।

राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिहाज से यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब सभी की नजरें कैबिनेट के फैसलों पर टिकी हैं।

Popular Articles