Top 5 This Week

Related Posts

कार्तिक पूर्णिमा पर गिरिजा देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, कोसी नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी; मेले में उमड़ी भीड़

रामनगर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नैनीताल जिले के रामनगर स्थित प्रसिद्ध गिरिजा देवी मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर और कोसी नदी के घाटों पर भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने कोसी नदी में आस्था की डुबकी लगाई और मां गिरिजा देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष गंगा स्नान मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के अलावा उत्तर प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

सुरक्षा के लिए किए गए विशेष इंतजाम

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, हल्दुआ और बेलगढ़ से शटल बस सेवा भी संचालित की गई।

मंदिर परिसर में मेले के लिए करीब 80 से 100 दुकानों की व्यवस्था की गई है। इनमें पूजा सामग्री, प्रसाद और अन्य जरूरी सामान की दुकानें शामिल हैं।

डीएम और विधायक ने किया मेले का शुभारंभ

मेले का शुभारंभ सोमवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने और कोसी नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

गिरिजा देवी मंदिर कोसी नदी के बीच एक ऊंचे टीले पर स्थित है। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह पर्व विशेष धार्मिक महत्व रखता है। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

Popular Articles