देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श देने वाली 104 हेल्थ हेल्पलाइन की सेवाएं नौ दिनों तक बंद रहेंगी। यह सेवा एक नवंबर से अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है और अब 10 नवंबर 2026 से नए सॉफ्टवेयर के साथ दोबारा शुरू होगी। इस दौरान प्रदेश के लोगों को फोन के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जानकारी नहीं मिल सकेगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संचालित इस हेल्पलाइन की जिम्मेदारी अब नई कार्यदायी संस्था वी विन लिमिटेड (We Win Limited) को सौंपी गई है। नई संस्था 10 नवंबर से इसका संचालन शुरू करेगी। इसके लिए तकनीकी व्यवस्था में बदलाव के साथ नया सॉफ्टवेयर स्थापित किया जा रहा है।
नई तकनीक से होगा संचालन
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड के निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि नई संस्था द्वारा कामकाज संभालने और तकनीकी व्यवस्था को दुरुस्त करने के कारण हेल्पलाइन को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। इस अवधि में नए सॉफ्टवेयर का परीक्षण और अन्य जरूरी तैयारियां पूरी की जाएंगी, ताकि सेवा दोबारा शुरू होने पर किसी तरह की तकनीकी परेशानी न आए।
स्वास्थ्य सलाह के लिए स्वास्थ्य केंद्रों से करें संपर्क
104 हेल्पलाइन बंद रहने के दौरान प्रदेश के नागरिक इस नंबर पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, बीमारी से जुड़ी सलाह और अन्य परामर्श प्राप्त नहीं कर सकेंगे। ऐसे में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने लोगों से अपील की है कि जरूरत पड़ने पर वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या संबंधित चिकित्सा संस्थान से संपर्क करें।
10 नवंबर से मिलेगी सुविधा
विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समय के अनुसार 10 नवंबर से हेल्पलाइन की सेवाएं फिर शुरू कर दी जाएं। नई एजेंसी और आधुनिक सॉफ्टवेयर के माध्यम से हेल्पलाइन के संचालन को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की तैयारी है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में 104 हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी और विभिन्न चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी सहायता दी जाती है।





